
खेलते समय हुआ हादसा, सांस लेने में हुई परेशानी; एक्स-रे के बाद डॉक्टरों ने करीब आधे घंटे की प्रक्रिया में सेल निकाला
मध्य प्रदेश के खंडवा में एक 10 वर्षीय बच्चे के साथ खेलते समय गंभीर हादसा हो गया। बुरहानपुर निवासी कृष्णा ने गलती से घड़ी का सेल निगल लिया, जो उसकी आहार नली के निचले हिस्से में जाकर फंस गया। सेल फंसने के बाद बच्चे को तेज दर्द, बेचैनी और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल सह शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, खंडवा लेकर पहुंचे।
ईएनटी विभाग के डॉक्टरों ने तत्काल बच्चे का एक्स-रे कराया। जांच में पता चला कि घड़ी का सेल आहार नली में फंसा हुआ है और इससे गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। इसके बाद ईएनटी विशेषज्ञ एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील बाजोलिया ने अपनी टीम के साथ एंडोस्कोपिक प्रक्रिया के जरिए सेल निकालने का फैसला किया।
करीब आधे घंटे चली जटिल प्रक्रिया के बाद डॉक्टरों ने सेल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल उपचार मिलने से बच्चे को बड़ी परेशानी से बचा लिया गया।
यह घटना बच्चों के आसपास मौजूद छोटी वस्तुओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत भी बताती है। घड़ी के छोटे सेल जैसे सामान बच्चों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं और गलती से निगलने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता जरूरी होती है।












