EntertainmentLatestNational

फिल्म सिटी में अचानक धुआं ही धुआं, अमिताभ-बादशाह को छोड़ना पड़ा सेट; क्या हुआ?

मुंबई फिल्म सिटी में आग से हड़कंप, केबीसी और हसल 5 की शूटिंग रुकी

मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित फिल्म सिटी में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग एक अस्थायी सेट के बाहरी हिस्से में लगी थी। आग के समय वहां शूटिंग नहीं चल रही थी, लेकिन उठता हुआ धुआं आसपास के ‘कौन बनेगा करोड़पति’ और ‘हसल सीजन 5’ के सेट तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों शोज की शूटिंग रोकनी पड़ी और कलाकारों व क्रू को सुरक्षित जगह पर ले जाया गया।

बताया गया कि आग करीब शाम चार बजे ‘पति पत्नी और पंगा 2’ के लिए बनाए गए अस्थायी सेट के शेड में लगी थी। यह सेट प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे बनाया गया था। गनीमत रही कि आग लगने के समय वहां शूटिंग नहीं हो रही थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

अमिताभ बच्चन को भी छोड़ना पड़ा सेट

आग का धुआं जब ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट तक पहुंचा तो वहां मौजूद पूरी टीम को बाहर निकालना पड़ा। इस दौरान अमिताभ बच्चन को भी सेट छोड़कर सुरक्षित जगह पर जाना पड़ा। वहीं ‘हसल 5’ की शूटिंग भी धुएं के कारण प्रभावित हुई।

ऑल इंडिया फिल्म एम्प्लॉइज कन्फेडरेशन के अध्यक्ष और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के महासचिव अशोक दुबे के मुताबिक, धुआं दोनों सेट तक पहुंच गया था। इसके चलते करीब डेढ़ घंटे तक शूटिंग रुकी रही।

बड़ा हादसा टला, किसी के घायल होने की खबर नहीं

आग जिस समय लगी, उस अस्थायी सेट पर कलाकार या क्रू मौजूद नहीं थे। यही वजह रही कि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि, फिल्म सिटी जैसे शूटिंग हब में एक साथ कई बड़े प्रोजेक्ट चलने के कारण आग और धुएं ने सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button