
इंडिया गठबंधन के मार्च में हंगामा, राहुल गांधी बोले- जहां कहेंगे वहीं बैठ जाऊंगा
दिल्ली में मंगलवार को इंडिया गठबंधन के नेताओं और सांसदों ने चुनाव आयोग की कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की और आकाशवाणी भवन के आसपास भीड़ को हटाने के निर्देश दिए।
मार्च के दौरान 300 से ज्यादा विपक्षी सांसद चुनाव आयोग की ओर बढ़े। इसके बाद राहुल गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मीडिया कर्मियों को भी वहां से हटा रही है। कुछ देर बाद राहुल गांधी ने पुलिस से सवाल करते हुए कहा कि अगर उन्हें वहां से हटाया जा रहा है तो उन्हें बस यह बता दिया जाए कि वह कहां बैठ सकते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें पहले एक जगह से हटाया गया और अब दूसरी जगह से भी हटाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या वह इंडिया गेट, जंतर-मंतर या सड़क पर बैठ सकते हैं और कहा कि पुलिस सिर्फ एक जगह बता दे, वह वहीं बैठ जाएंगे।
प्रदर्शन के बीच आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने वाले एनएसयूआई और इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने की बात कही और भीड़ को इलाका खाली करने का निर्देश दिया।
वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। रिजिजू ने संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय जनता की सेवा पर ध्यान देने की बात कही, जबकि रविशंकर प्रसाद ने प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए।












