chhattisgarhLatest

महानदी का बढ़ा जलस्तर, शिवरीनारायण में अलर्ट; पुल पर आवागमन बंद, राहत शिविर तैयार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जांजगीर-चांपा में प्रशासन मुस्तैद, कलेक्टर-एसपी ने बैराज, पुल और प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

रायपुर, 28 सितंबर 2026। महानदी के बढ़ते जलस्तर और जांजगीर-चांपा जिले के तटीय इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव की तैयारियों को तेज कर दिया गया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर महानदी बैराज, पुल और प्रभावित तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा एवं राहत-बचाव की तैयारियों की समीक्षा की। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और स्थिति बिगड़ने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

महानदी पुल पर आवागमन बंद

महानदी के पुल पर पानी का बहाव बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने पुल और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।

कलेक्टर-एसपी ने अधिकारियों को तेज बहाव वाले पानी के पास लोगों को जाने से रोकने और संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। नदी के जलस्तर और बहाव में किसी भी बदलाव पर लगातार नजर रखी जा रही है।

राहत शिविर में भोजन-पानी समेत सभी व्यवस्थाएं

कलेक्टर और एसपी ने श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। यहां प्रभावित लोगों के ठहरने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रशासन ने राहत शिविर में रह रहे लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं।

स्वास्थ्य टीमें तैनात, बीमारियों से बचाव पर जोर

जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

जलभराव के कारण संभावित संक्रमण और बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

तटीय इलाकों में मुनादी, लोगों को किया जा रहा सतर्क

प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है। नागरिकों को संभावित जलभराव और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी जा रही है।

नदी के जलस्तर, पुल-पुलियों और प्रमुख आवागमन मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि स्थिति बदलने पर तत्काल राहत और बचाव की कार्रवाई की जा सके।

नदी किनारे सेल्फी और वीडियो बनाने से बचने की अपील

कलेक्टर और एसपी ने नागरिकों से नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। अधिकारियों ने विशेष रूप से कहा है कि तेज बहाव वाले पानी के पास सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम न उठाएं।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों से बंद किए गए मार्गों और स्थानों पर जाने का प्रयास नहीं करने की भी अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने कहा गया है।

जिला प्रशासन महानदी के तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस, राजस्व, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका शिवरीनारायण के अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button