LatestNational

नागपुर में शिक्षक दंपती ने की खुदकुशी, शादी के तीन महीने बाद घर में मिले दोनों के शव

महाराष्ट्र के नागपुर के बेसा इलाके में एक शिक्षक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय मनीष प्रहलाद गाणवीर और उनकी 35 वर्षीय पत्नी सोनाली गाणवीर के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से गढ़चिरौली जिले के सुरजागढ़ स्थित एक स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, दंपती दिवाली की छुट्टियां मनाने नागपुर स्थित अपने घर आए थे। रविवार को परिजनों द्वारा लगातार फोन करने के बावजूद जब दोनों ने कॉल का जवाब नहीं दिया, तो एक रिश्तेदार उनके घर पहुंचा। मकान बाहर से बंद होने पर उसने पहली मंजिल की खिड़की से अंदर देखा, जहां दोनों के शव शयनकक्ष में पंखे से लटके मिले। बताया जा रहा है कि दोनों ने इसी साल अगस्त में दूसरी शादी की थी और उनकी शादी को महज तीन महीने हुए थे। पड़ोसियों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर से दोनों के बीच विवाद की आवाजें सुनाई दी थीं, जिसके बाद अचानक सन्नाटा छा गया। घटना की सूचना मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अब दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button