इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद के जीवन पर बनेगी एनिमेटेड फिल्म ‘शरणागति’, AI मोशन कैप्चर तकनीक से होगी तैयार

भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर अनोखे विषय पर फिल्म बनाने की तैयारी हो रही है। KGF, सालार, कांतारा और महावतार नरसिम्हा जैसी फिल्मों के लिए मशहूर होम्बले फिल्म्स ने ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स के साथ मिलकर नई एनिमेटेड फिल्म ‘शरणागति – द लाइफ ऑफ अ सरेंडर्ड सोल’ की घोषणा की है। यह फिल्म इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) के संस्थापक-आचार्य ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद के प्रेरणादायक जीवन पर आधारित होगी। फिल्म में उनके आध्यात्मिक सफर, भगवान श्रीकृष्ण के प्रति समर्पण और कृष्ण भक्ति के संदेश को दुनिया तक पहुंचाने के मिशन को दिखाया जाएगा। इस फिल्म की सबसे खास बात इसमें इस्तेमाल होने वाली अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मोशन कैप्चर तकनीक है। इसकी मदद से किरदारों की शारीरिक गतिविधियों, हावभाव और चेहरे के भावों को डिजिटल एनिमेशन में वास्तविक रूप देने की कोशिश की जाएगी। AI और कंप्यूटर विजन तकनीक के जरिए 3D किरदारों की गतिविधियों को अधिक स्वाभाविक और प्रभावशाली बनाया जाएगा। होम्बले फिल्म्स का यह प्रोजेक्ट भारतीय सिनेमा में आध्यात्मिक कहानियों और आधुनिक तकनीक के नए संगम के रूप में देखा जा रहा है।












