सरगुजा में करंट की चपेट में आने से हथिनी की मौत, जंगल में बिछाया था तार का जाल

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में करंट की चपेट में आने से एक हथिनी की दर्दनाक मौत हो गई। मामला उदयपुर वन परिक्षेत्र के सुखरीभंडार गांव से लगे कुसुवामुड़ा जंगल का है, जहां मंगलवार सुबह 8 से 10 वर्ष की हथिनी का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में हथिनी की मौत करंट प्रवाहित जीआई तार की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने खेतों में लगी फसलों की सुरक्षा के लिए जंगल में जगह-जगह लोहे और जीआई तार का घेरा बना रखा था। आशंका है कि इन तारों को पास से गुजरने वाली 11 केवी बिजली लाइन से जोड़ा गया था। घटना की सूचना मिलने पर डीएफओ सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पशु चिकित्सकों से हथिनी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वन विभाग ने जंगल में बिछाए गए तारों को जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी इसी क्षेत्र में करंट लगाकर एक हाथी की जान ले ली गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने वन्यजीवों की सुरक्षा और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।












