मिट्टी से समृद्धि की ओर: ‘बिहान’ से मिली उड़ान, हेमलता पटेल ने लिखी महिला सशक्तिकरण की नई इबारत

बिलाईगढ़ की हेमलता ने 60 हजार रुपये के ऋण से खेती और सब्जी उत्पादन को बढ़ाया, अब सालाना करीब 2 लाख रुपये की आय
रायपुर, 26 सितंबर 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम डोमाडीह (अ) की हेमलता पटेल ने ‘बिहान’ और स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने ‘खुशी स्व सहायता समूह’ के माध्यम से 60 हजार रुपये का ऋण लिया और इसे पारंपरिक खेती व सब्जी उत्पादन बढ़ाने में लगाया। मेहनत और बेहतर कृषि प्रबंधन से उनकी उपज की बाजार में मांग बढ़ी और मुख्य दिनों में दैनिक कारोबार 3 से 4 हजार रुपये तक पहुंच गया। वर्तमान में खेती और सब्जी उत्पादन से वे लगभग 2 लाख रुपये सालाना आय अर्जित कर रही हैं। इस आर्थिक बदलाव से परिवार को स्थिरता मिली है और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को लेकर भी राहत मिली है। हेमलता की कहानी ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर और स्व सहायता समूहों की भूमिका को रेखांकित करती है।












