EntertainmentLatestPolitical

नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ रायपुर में राज्यपाल डेका ने की पदयात्रा, गांधी-शास्त्री को किया नमन

टाउन हॉल से अंबेडकर चौक तक निकली पदयात्रा, युवाओं और नागरिकों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

रायपुर, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ पदयात्रा आयोजित की गई। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पदयात्रा में शामिल होकर नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत टाउन हॉल परिसर से हुई। राज्यपाल डेका ने यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद टाउन हॉल से पदयात्रा शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और शहर के नागरिक शामिल हुए।

पदयात्रा के दौरान भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद पदयात्रा अंबेडकर चौक पहुंची। यहां राज्यपाल डेका ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सामूहिक सहभागिता और जनजागरूकता को महत्वपूर्ण बताया। पदयात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button