BlogchhattisgarhLatest

सूरजपुर में कलेक्टर ने खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक ली

सूरजपुर। 14 अगस्त 2026 को कलेक्टर रेना जमील ने जिले में खाद्य विभाग से संबंधित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण की स्थिति, राशन कार्डों की ई-केवाईसी तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

कलेक्टर ने राशन कार्डधारियों की ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी लेते हुए वरिष्ठ नागरिकों की आईरिस के माध्यम से ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए। मृत व्यक्तियों के नाम राशन कार्ड से हटाने, विवाहित महिलाओं की ई-केवाईसी और आधार अपडेशन की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। आधार अपडेशन के लिए रोस्टर तैयार कर जिले के सभी ग्रामों में अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों से पीडीएस चावल के उठाव, जमा एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उसना चावल के उठाव की भी समीक्षा की गई। एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रगति की जानकारी लेते हुए धान खरीदी के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

कार्यालय कृषि उपज मंडी से मंडी की आय एवं कृषि उपज की आवक की जानकारी ली गई। किसानों को ऋण वितरण, खाद की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उचित मूल्य दुकानों एवं खाद्यान्न गोदामों में चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने और पुलिस विभाग को कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि शासकीय खाद्यान्न की चोरी एवं अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

बैठक में खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारी, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button