CrimeLatestNational

अलमारी खुलते ही उड़ गए होश, नोटों से भरे बैग ने खोला बड़ा राज

शामली में खनन अधिकारी के ठिकाने पर नोटों का ढेर, 85 हजार रिश्वत लेते पकड़े गए

उत्तर प्रदेश के शामली में विजिलेंस की कार्रवाई के दौरान जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह के सरकारी आवास से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने का मामला सामने आया है। टीम जब सरकारी आवास की तलाशी लेने पहुंची तो अलमारियों में कपड़ों के साथ नोटों की गड्डियां और बैग में भरे 500-500 रुपये के बंडल मिले। नकदी देखकर जांच टीम को भी काफी देर तक नोटों की गिनती करनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार को उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की मेरठ सेक्टर टीम ने जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा कर्मी सहायक लिपिक सद्दाम को 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

कार्यालय में तलाशी के दौरान खनन अधिकारी की दराज से करीब 8 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद टीम सरकारी आवास पहुंची, जहां दो अलमारियों की तलाशी ली गई। एक अलमारी में कपड़ों के बीच नकदी रखी थी, जबकि दूसरी में दो बड़े बैग मिले। इनमें 500-500 रुपये के नोटों के बंडल बताए गए हैं।

तलाशी के दौरान अलमारियों में अंदर गुप्त लॉक के साथ बाहर भी ताले लगे मिले। टीम बरामद रकम को लेकर थाने पहुंची और नोटों की गिनती शुरू की, लेकिन नकदी इतनी अधिक थी कि गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी। इसके बाद एलडीएम से मशीन मंगाकर नोटों की गिनती की गई।

विजिलेंस के अनुसार अधिकारी के घर से करीब 63 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। रिश्वत के मामले में पकड़े गए दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। बरामद नकदी के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button