Latest

दीपावली पर दोहरे हत्याकांड के 7 आरोपी गिरफ्तार, भाई के हत्यारों को देख पत्थर लेकर दौड़ी बहन

दीपावली की रात जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चाकू से हमला कर दो युवकों की हत्या करने के मामले में पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस जब आरोपितों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और उनका जुलूस निकाला, तो मृतकों के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपितों को सामने देखते ही परिजन उन्हें मारने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान मृतक कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी की छोटी बहन हाथ में पत्थर लेकर आरोपितों की ओर दौड़ी और रोते हुए सवाल करने लगी कि उसके भाई को क्यों मार डाला। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने किसी तरह परिजनों को रोका और आरोपितों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। घमापुर पुलिस ने मंगलवार को सभी सात आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। हालांकि, इस दोहरे हत्याकांड में शामिल तीन अन्य आरोपित अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार तलाश कर रही हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव और मृतकों के परिवार में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button