CrimeLatestNational

करवाचौथ की रात ऐसा क्या हुआ कि पति-पत्नी ने उठा लिया खौफनाक कदम…….

भोपाल में करवाचौथ की रात पति-पत्नी की मौत, जानिए पूरी घटना

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां करवाचौथ की रात जिस पत्नी ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था, उसी रात कुछ घंटों के अंतराल में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई। घटना खजूरी सड़क थाना क्षेत्र के बरखेड़ा बोंदर गांव की है। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान 24 वर्षीय शिवानी अहिरवार और उनके पति सूरज उर्फ गुल्ला अहिरवार के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। सूरज मजदूरी करता था। दंपती की कोई संतान नहीं थी। घर में सूरज की मां और दादी भी साथ रहती थीं।

चांद देखने के बाद पति के बाहर जाने पर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, करवाचौथ के दिन शिवानी ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था। रात करीब 10 बजे पति-पत्नी ने पूजा की और चांद के दर्शन किए।

इसके बाद सूरज ने पत्नी को बताया कि उसके दोस्त बुला रहे हैं और वह उनसे मिलने बाहर जा रहा है। इस पर शिवानी ने उसे घर से जाने से रोका।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शिवानी को आशंका थी कि उसका पति किसी दूसरी महिला से मिलने जा रहा है। उसने सूरज से यह भी कहा कि उसने खाना नहीं खाया है और वह उसके वापस आने के बाद ही भोजन करेगी। हालांकि, इसके बावजूद सूरज घर से चला गया।

रात ढाई बजे घर लौटा पति, कमरे में मिला पत्नी का शव

बताया जा रहा है कि रात करीब ढाई बजे सूरज वापस घर पहुंचा। उसने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अपनी मां और दादी की मदद ली। इसके बाद छत की चादर हटाकर अंदर देखने पर शिवानी साड़ी के फंदे से लटकी हुई मिली।

इस घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सूरज घर से गायब हो गया।

घर से करीब 100 मीटर दूर पेड़ पर मिला पति का शव

पत्नी की मौत के कुछ देर बाद सूरज भी घर से लापता हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका उसका शव मिला।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

क्या शक और आपसी विवाद बना घटना की वजह?

खजूरी सड़क थाना प्रभारी एसआई राजेंद्र सोलंकी के अनुसार, शुरुआती जानकारी में पति के किसी दूसरी महिला के पास जाने की आशंका को लेकर पत्नी के मन में संदेह होने की बात सामने आई है।

हालांकि, पुलिस ने अभी इसे घटना का अंतिम कारण नहीं माना है। परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ही पूरे घटनाक्रम और दोनों की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button