FeatureState

रायपुर में अवैध डीजल-पेट्रोल भंडारण का भंडाफोड़, 09 आरोपी गिरफ्तार, 44 लाख का माल जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए कीमत का अवैध रूप से संग्रहित डीजल और पेट्रोल जब्त किया है। विधानसभा थाना क्षेत्र के रिंग रोड नंबर 3 स्थित दो अलग-अलग यार्डों पर छापेमारी कर पुलिस ने कुल 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त ईंधन की कीमत लगभग 44 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है।

दो यार्डों पर संयुक्त कार्रवाई

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर और विधानसभा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 01 अक्टूबर को छापेमारी की। पहली कार्रवाई टेकारी चौक स्थित यार्ड पर की गई, जहां से 15,300 लीटर पेट्रोल और 31,000 लीटर डीजल जब्त किया गया। इसकी कीमत लगभग 42.90 लाख रुपए है। मौके से पांच आरोपी – रवि यादव, नीरज नेताम, शेख कलीमुद्दीन, शैलेन्द्र कुमार और राज पटेल को गिरफ्तार किया गया। दूसरी कार्रवाई पिरदा चौक स्थित सूरज शाह के यार्ड पर हुई। यहां से 1,500 लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल जब्त किया गया जिसकी कीमत लगभग 1.40 लाख रुपए है। यहां से चार आरोपी – अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड और रोहित सरोज पकड़े गए।

घटना में प्रयुक्त वाहन और सामान जब्त: दोनों जगहों से पुलिस ने कुल 4 टैंकर ट्रक, ड्रम, चाड़ी और प्लास्टिक पाइप जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल संग्रहित कर बिक्री की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सके।

फरार यार्ड संचालकों की तलाश

इन मामलों में यार्ड संचालक फरार हैं। पुलिस ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों प्रकरणों में अपराध क्रमांक 492/25 और 493/25 दर्ज कर आरोपियों पर धारा 287 बीएनएस और 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button