chhattisgarhCrimeLatest

रायपुर में पुलिस का बड़ा वारंट अभियान, तीन दिन में 87 फरार वारंटी गिरफ्तार

सेंट्रल जोन में 49 स्थायी और 38 गिरफ्तारी वारंट तामील, आर्म्स एक्ट और हिंसक अपराधों से जुड़े आरोपियों पर विशेष फोकस

रायपुर। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की धरपकड़ के लिए रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष वारंट अभियान चलाया। अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 87 वारंट तामील किए गए।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए वारंटियों में 49 स्थायी वारंट और 38 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। कार्रवाई के बाद सभी संबंधित वारंटियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

सिविल लाइन में सबसे ज्यादा स्थायी वारंट तामील

स्थायी वारंट की कार्रवाई में थाना सिविल लाइन सबसे आगे रहा। यहां 18 स्थायी वारंट तामील किए गए। इसके अलावा गंज में 7, देवेंद्र नगर में 6, गोलबाजार और मौदहापारा में 5-5 तथा कोतवाली और तेलीबांधा में 4-4 स्थायी वारंट तामील किए गए।

गिरफ्तारी वारंट में देवेंद्र नगर आगे

गिरफ्तारी वारंट की कार्रवाई में देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 10 वारंट तामील किए गए। कोतवाली में 9, गोलबाजार और गंज में 7-7, तेलीबांधा में 3 तथा मौदहापारा में 2 गिरफ्तारी वारंट पर कार्रवाई हुई।

आर्म्स एक्ट और हिंसक अपराधों से जुड़े वारंटियों पर नजर

अभियान के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य हिंसक अपराधों में संलिप्त तथा ऐसे मामलों में फरार चल रहे वारंटियों पर ध्यान केंद्रित किया। पुलिस टीमों ने लगातार पतासाजी करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और वारंटियों को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों के मुताबिक, फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई केवल अभियान तक सीमित नहीं रहेगी। अपराधों की रोकथाम के लिए ऐसे लोगों की निगरानी और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

थानावार कार्यवाही

स्थायी वारंट — कुल 49

– थाना कोतवाली – 04
– थाना गोलबाजार – 05
– थाना मौदहापारा – 05
– थाना गंज – 07
– थाना सिविल लाइन – 18
– थाना तेलीबांधा – 04
– थाना देवेंद्र नगर – 06

गिरफ्तारी वारंट — कुल 38

– थाना कोतवाली – 09
– थाना गोलबाजार – 07
– थाना मौदहापारा – 02
– थाना गंज – 07
– थाना तेलीबांधा – 03
– थाना देवेंद्र नगर – 10

कुल वारंट तामील – 87

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button