LatestNational

हथिनीकुंड बैराज पर सेना की नाव पलटी, यमुना के तेज बहाव में स्पेशल फोर्स के 2 जवान लापता

ट्रेनिंग एक्सरसाइज के दौरान नाव में आई तकनीकी खराबी, सेना-IAF-NDRF और SDRF की संयुक्त टीमों ने संभाला मोर्चा

हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज के पास मंगलवार रात सेना की ट्रेनिंग एक्सरसाइज के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सेना की एक मोटरबोट तकनीकी खराबी के बाद यमुना के तेज बहाव में फंस गई और बैराज के स्लुइस गेट के आसपास बने तेज भंवरों की चपेट में आकर पलट गई। नाव में 1 पैरा स्पेशल फोर्स के पांच जवान सवार थे।

हादसे के बाद तीन जवान किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो जवान तेज बहाव में बह गए और अब तक लापता हैं। दोनों लापता जवानों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर संयुक्त सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेनिंग के दौरान नाव में तकनीकी खराबी आई और तेज धारा उसे बैराज के डाउनस्ट्रीम हिस्से की ओर खींच ले गई। नाव को वापस निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन वह स्लुइस गेट के पास तेज भंवरों में फंस गई और पलट गई। जवानों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, लेकिन पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण दो जवान बह गए।

लापता जवानों की तलाश में भारतीय सेना के साथ भारतीय वायुसेना, एनडीआरएफ, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें जुटी हैं। दो हेलीकॉप्टरों की मदद से बैराज और नीचे की ओर जाने वाले जलमार्गों में हवाई निगरानी भी की जा रही है।

तलाशी अभियान को आसान बनाने के लिए सेना के अनुरोध पर हरियाणा के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने हथिनीकुंड बैराज और वेस्टर्न यमुना कैनाल में पानी का डिस्चार्ज कम किया है। इसके साथ ही नदी और नहरों के किनारे भी अलग-अलग टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं।

फिलहाल दोनों लापता जवानों का पता नहीं चल सका है। सेना और स्थानीय प्रशासन की ओर से उपलब्ध सभी संसाधनों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button