
नई दिल्ली। भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। सुबह की सैर के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ मिनट तक अचेत रहने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनकी जांच और उपचार किया जा रहा है।
**सुबह टहलते समय अचानक हुए बेहोश
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 75 वर्षीय जगदीप धनखड़ बुधवार सुबह नियमित सैर पर निकले थे। इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़े और कुछ मिनट तक अचेत रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उन्हें पीसीआर वाहन से उनके घर पहुंचाया।
**चिकित्सकों ने दिया प्राथमिक उपचार**
घटना के बाद इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच की तथा प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया।
**एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती**
सूत्रों के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। यहां कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी चिकित्सकीय जांच और उपचार कर रहे हैं। हालांकि, उनके अचानक बेहोश होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। एम्स प्रशासन की ओर से भी फिलहाल कोई आधिकारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
2022 से 2025 तक रहे देश के उपराष्ट्रपति
जगदीप धनखड़ ने अगस्त 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था। उन्होंने जुलाई 2025 में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अब उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।












