Latest

भाभी से अवैध संबंध का आरोप लगाना पत्नी को पड़ा भारी, हाई कोर्ट ने तलाक पर सुनाया बड़ा फैसला

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में फैसला सुनाते हुए कहा है कि पति पर उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध होने का निराधार आरोप लगाना मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है। अदालत ने पति को दिए गए तलाक के फैसले को बरकरार रखते हुए पत्नी की अपील खारिज कर दी।

 

क्या है पूरा मामला?

 

यह मामला दुर्ग निवासी राहुल यादव और उनकी पत्नी अंजली यादव से जुड़ा है। राहुल ने पत्नी के व्यवहार को मानसिक क्रूरता बताते हुए परिवार न्यायालय में तलाक की याचिका दायर की थी। परिवार न्यायालय ने 21 दिसंबर 2023 को पति के पक्ष में तलाक की डिक्री पारित की थी। इसके खिलाफ पत्नी ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में अपील की थी।

 

पति ने लगाए थे ये आरोप

 

पति का कहना था कि शादी के बाद से ही पत्नी उसके माता-पिता, दिव्यांग बड़े भाई और भाभी के साथ दुर्व्यवहार करती थी। वह परिवार से अलग रहने का दबाव बनाती थी। पति ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी और उसके पिता उस पर ससुराल में घर जमाई बनकर रहने और उनके व्यवसाय में सहयोग करने का दबाव डालते थे। बाद में पत्नी मायके चली गई और वापस नहीं लौटी।

 

पति के अनुसार, पत्नी ने उसके और परिवार के सदस्यों के खिलाफ महिला थाने में शिकायत की थी। इसके बाद दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से जुड़े मामले भी दर्ज कराए गए थे।

 

पत्नी ने अदालत में क्या कहा?

 

पत्नी का पक्ष था कि पति ने उसे प्रताड़ित किया और 27 मई 2018 को बेटे के साथ मायके छोड़ दिया था। उसने कहा कि वह पति के साथ रहना चाहती थी, लेकिन पति उसे वापस ले जाने के लिए तैयार नहीं था। पत्नी ने यह भी दलील दी कि उसकी शिकायतों को मानसिक क्रूरता नहीं माना जा सकता।

 

भाभी से संबंध के आरोप पर कोर्ट की अहम टिप्पणी

 

मामले की सुनवाई जस्टिस पार्थ प्रीतम साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की युगलपीठ ने की। सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि पति पर अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होने का गंभीर आरोप लगाया गया था, लेकिन इसके समर्थन में कोई प्रमाण या आधार रिकॉर्ड पर नहीं था।

 

हाई कोर्ट ने कहा कि जीवनसाथी के चरित्र और वैवाहिक निष्ठा पर बिना आधार गंभीर आरोप लगाना गहरी मानसिक पीड़ा पहुंचा सकता है। ऐसा व्यवहार मानसिक क्रूरता माना जा सकता है।

 

**परिवार न्यायालय का फैसला बरकरार

 

हाई कोर्ट ने गवाहों की गवाही, दोनों पक्षों की जिरह और मामले की समग्र परिस्थितियों पर विचार किया। अदालत ने पाया कि पत्नी का आचरण सामान्य वैवाहिक विवादों तक सीमित नहीं था। इसके बाद युगलपीठ ने परिवार न्यायालय द्वारा दिए गए तलाक के फैसले को बरकरार रखते हुए पत्नी की अपील खारिज कर दी।

 

इस फैसले में अदालत ने स्पष्ट किया कि वैवाहिक संबंधों में किसी के चरित्र पर लगाए गए गंभीर और निराधार आरोप भी मानसिक क्रूरता का आधार बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button