Latest

महादेव सट्टा केस में सौरभ चंद्राकर ने खोले कई राज, लाइजनिंग से किया किनारा; अब किसकी बढ़ेगी मुश्किल?

छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। करीब छह हजार करोड़ रुपये के इस कथित सट्टा सिंडिकेट में सौरभ ने कुछ जिम्मेदारियों को स्वीकार किया है, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से कथित लाइजनिंग करने की बात से इनकार किया है।

 

**लाइजनिंग की जिम्मेदारी रवि उप्पल पर बताई**

 

सीबीआई की आठ दिन की रिमांड के दौरान सौरभ चंद्राकर से सट्टा कारोबार के संचालन, हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन और नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ की गई। सूत्रों के अनुसार, सौरभ ने लाइजनिंग का काम खुद करने से इनकार करते हुए इसकी जिम्मेदारी रवि उप्पल की बताई है।

 

**पैनल संचालन और हवाला लेनदेन की बात स्वीकार**

 

पूछताछ में सौरभ ने पैनल संचालन और हवाला के जरिए रकम के लेनदेन की व्यवस्था संभालने की बात स्वीकार की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सट्टे से अर्जित रकम किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी और इस नेटवर्क को किसका संरक्षण हासिल था।

 

**शुभम सोनी के वीडियो पर भी हुए सवाल**

 

सीबीआई ने पूछताछ के दौरान शुभम सोनी की ओर से जारी वीडियो का भी हवाला दिया। इस वीडियो में शुभम ने दावा किया था कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल उसके अधीन काम करते थे। इस पर सौरभ ने सीधे जवाब देने के बजाय शुभम सोनी से ही पूछताछ करने की बात कही।

 

**हर महीने 450 करोड़ रुपये की कमाई का आरोप**

 

सीबीआई ने अदालत में दावा किया था कि महादेव सट्टा नेटवर्क से हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये की कमाई हो रही थी। आरोप है कि इस रकम का 70 से 80 प्रतिशत हिस्सा मुख्य प्रमोटरों को मिलता था। नेटवर्क के संचालन के लिए अलग-अलग पैनल और बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। हवाला के जरिए रकम विदेश भेजे जाने का आरोप भी जांच के दायरे में है।

 

**ईडी को नहीं मिली कस्टडी, 14 दिन की न्यायिक हिरासत**

 

सीबीआई की आठ दिन की रिमांड पूरी होने के बाद 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को अदालत में पेश किया गया। ईडी ने भी पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी मांगी थी, लेकिन अदालत ने आवेदन स्वीकार नहीं किया। इसके बाद सौरभ को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब ईडी अपनी विशेष अदालत में अलग से आवेदन देकर उसकी कस्टडी मांग सकती है।

 

जांच एजेंसियों के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि कथित सट्टा नेटवर्क की लाइजनिंग कौन संभालता था, हवाला के जरिए भेजी गई रकम किन लोगों तक पहुंची और शुभम सोनी के वीडियो में किए गए दावों की वास्तविकता क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button