Latest

बस्तर में हड़ताली पटवारियों पर गिरी गाज, 99 का ब्रेक इन सर्विस और 17 निलंबित; जानिए पूरा मामला

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में हड़ताल कर रहे पटवारियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। राज्य शासन के निर्देश पर 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित कर दिया गया है, जबकि 17 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, जिले के पटवारी 13 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। प्रशासन के मुताबिक जिले की 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें 30 प्रशिक्षु शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी हड़ताल पर चले गए थे, जबकि 44 पटवारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

 

**कारण बताओ नोटिस के बाद कार्रवाई**

 

अपर कलेक्टर डीआर डाहिरे के अनुसार, हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद काम पर वापस नहीं लौटने पर प्रशासन ने यह कदम उठाया।

 

**जगदलपुर और बस्तर में सबसे ज्यादा असर**

 

तहसीलवार कार्रवाई में जगदलपुर तहसील के 23 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस किया गया और दो को निलंबित किया गया। वहीं बस्तर तहसील के सभी 16 हड़ताली पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई हुई, जिनमें दो निलंबित भी हैं।

 

भानपुरी, बकावंड, लोहण्डीगुड़ा, करपावंड, नानगुर, तोकापाल, बास्तानार और दरभा तहसीलों में भी हड़ताली पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रशासन के इस कदम से जिले में पटवारी आंदोलन को लेकर सख्ती बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button