
बदलते मौसम के साथ सेहत से जुड़ी कई परेशानियां बढ़ने लगती हैं। नाक बंद होना, छींक आना, गले में खराश और कानों में भारीपन जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। खासकर नहाने के बाद कानों में खुजली होने की शिकायत भी कई लोगों को परेशान करती है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कानों की सफाई करवाना जरूरी है या इससे परेशानी और बढ़ सकती है?
**नहाने के बाद कानों में खुजली क्यों होती है?**
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कविता सचदेवा के अनुसार, नहाते समय कान में पानी जाने से फंगल संक्रमण होने और खुजली की समस्या पैदा हो सकती है। यदि बार-बार खुजली होती है तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विशेषज्ञ से जांच कराना बेहतर है।
**कान साफ करने के चक्कर में न करें ये गलती**
कान में खुजली होने पर कई लोग ईयरबड्स, पिन या तौलिये का कोना डालकर सफाई करने लगते हैं। ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है। इससे कान का मैल अंदर की ओर धंस सकता है और कान के पर्दे को भी नुकसान पहुंच सकता है। नहाने के बाद केवल कान के बाहरी हिस्से को हल्के हाथ से सुखाना चाहिए।
**मौसम बदलने पर नाक और गले का भी रखें ध्यान**
अक्टूबर से जनवरी के बीच धूल, धुआं, प्रदूषण और ठंडी-शुष्क हवा के कारण नाक की समस्याएं बढ़ सकती हैं। गले में खराश को भी लगातार दवाओं के सहारे टालना ठीक नहीं है। तीन दिन से ज्यादा खराश, बुखार, निगलने में दर्द या आवाज बैठने पर ईएनटी विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए।
**कान और गले को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये टिप्स**
1. नहाने के बाद कानों को बाहर से हल्के हाथ से सुखाएं।
2. कान में ईयरबड्स, पिन या अन्य वस्तुएं न डालें।
3. हैंड्सफ्री और ईयरफोन का इस्तेमाल सीमित रखें।
4. ईयरफोन का वॉल्यूम 60 प्रतिशत से कम रखें और लगातार 60 मिनट से अधिक इस्तेमाल न करें।
5. ठंडी हवा, धूल और धुएं से बचने के लिए मास्क का उपयोग करें।
6. गले में खराश होने पर गुनगुने पानी से गरारे करें।
7. पर्याप्त पानी पिएं और धूम्रपान से दूर रहें।
- विशेषज्ञों के मुताबिक कानों में बार-बार खुजली, दर्द या सुनने में परेशानी होने पर खुद सफाई करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।












