केशकाल में बोलेरो पेड़ से टकराई, सेना के जवान की मौत; 5 घायल

केशकाल। छत्तीसगढ़ के केशकाल इलाके में गट्टीपलना मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के जवान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सैन्य जवान समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब बोलेरो में सवार लोग दशहरा उत्सव देखने के लिए ग्राम पांडे आठगांव जा रहे थे।
दशहरा देखने जा रहे थे सभी लोग
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में सवार सभी लोग ग्राम पल्ली के निवासी बताए जा रहे हैं। वे देर रात करीब 10 बजे दशहरा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान वाहन गट्टीपलना मोड़ के घुमावदार रास्ते पर पहुंचा और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में बैठे लोग अंदर फंस गए और कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।
सेना के जवान सुंदरलाल नेताम की मौत
इस हादसे में सेना के जवान सुंदरलाल नेताम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सेना के एक अन्य जवान मनीष नेताम सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जवान की मौत की खबर से उनके गृहग्राम पल्ली और केशकाल क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घायलों को फरसगांव अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य के दौरान ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को क्षतिग्रस्त बोलेरो से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बोलेरो के अनियंत्रित होने की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। दुर्घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।












