
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लोक आस्था का महापर्व छठ इस बार बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। अरपा नदी के तट पर 13 नवंबर से चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ होगा। आयोजन में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। खास बात यह है कि पिछले 26 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा अब किसी एक समाज तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे बिलासपुर की सामूहिक आस्था का प्रतीक बन चुकी है।
**चार दिनों तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान**
छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इसी दिन माता अरपा की महाआरती भी आयोजित की जाएगी। 14 नवंबर को व्रती खरना करेंगे। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रत का पारण और महापर्व का समापन होगा।
**घाट पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम
आयोजन समिति और नगर निगम की ओर से घाट की सफाई, सुरक्षा, पहुंच मार्ग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान सहायता और मार्गदर्शन देंगे। घाट के दोनों ओर पहुंच मार्ग को दुरुस्त कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
**घाट पर नाम लिखकर जगह रोकने की अनुमति नहीं
आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। घाट पर पहले पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पहले स्थान दिया जाएगा। दौरा रखने के लिए समिति की ओर से जगह उपलब्ध कराई जाएगी। घाट पर नाम लिखकर या किसी तरह निशान बनाकर स्थान आरक्षित करने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे निशान मिटा दिए जाएंगे।
**कर्ण की सूर्य उपासना से जुड़ी है परंपरा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठ पर्व की परंपरा महाभारत काल से जुड़ी मानी जाती है। मान्यता है कि सूर्यपुत्र कर्ण प्रतिदिन जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते थे। छठ पर्व में डूबते और उगते सूर्य की उपासना प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का संदेश देती है।












