CrimeLatestNational

जमुई में नाबालिगों को घेरकर बनाया वीडियो, वायरल होते ही पुलिस ने लिया एक्शन

स्कूटी से घर लौट रहे छात्र-छात्रा को 6-7 युवकों ने रास्ते में रोका, अभद्रता और बैड टच का आरोप; डीएम के निर्देश पर पुलिस ने दर्ज की FIR

जमुई। बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ सड़क पर कथित अभद्रता और बैड टच का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर की शाम जमुई सदर थाना क्षेत्र में स्कूटी से घर लौट रहे नाबालिग छात्र और छात्रा को 6-7 युवकों ने रास्ते में रोक लिया।

आरोप है कि युवकों ने दोनों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की। इस दौरान नाबालिग छात्रा के साथ बैड टच किए जाने का भी आरोप है। घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जाने की बात भी सामने आई है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान

घटना का वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी नवीन ने मामले का संज्ञान लिया और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने वायरल वीडियो की तकनीकी पड़ताल शुरू की और साइबर सेल तथा अन्य माध्यमों की मदद से पीड़ित छात्र-छात्रा की पहचान की।

पुलिस ने उनके घर जाकर गोपनीय तरीके से बयान दर्ज किया। इसके बाद जमुई सदर थाने में पोक्सो एक्ट और बीएनएस की संबंधित गैर-जमानती धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

6-7 युवकों की पहचान का दावा

पुलिस के अनुसार वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल बताए जा रहे 6 से 7 युवकों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना का वीडियो किसने बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर किस उद्देश्य से प्रसारित किया गया। जांच के आधार पर साइबर अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़े जाने की संभावना बताई गई है।

नाबालिगों की पहचान गोपनीय रखने की अपील

प्रशासन ने दोनों नाबालिगों की पहचान गोपनीय रखी है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी नाबालिग पीड़ित की पहचान उजागर करने वाला वीडियो या अन्य सामग्री इंटरनेट मीडिया पर साझा न करें।

जिलाधिकारी नवीन के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया, दोनों नाबालिगों का पक्ष जाना गया और प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपितों की पहचान भी की गई है तथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button