chhattisgarhLatest

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से निर्माता निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी की मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रसिद्ध निर्माता निर्देशक एवं अभिनेता चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने द्विवेदी को शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंटकर आत्मीय अभिनंदन किया। दोनों के बीच भारतीय इतिहास संस्कृति साहित्य और सिनेमा सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय सिनेमा और टेलीविजन ने ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने अपने सृजन के माध्यम से भारतीय इतिहास संस्कृति और साहित्य को प्रभावशाली ढंग से जन जन तक पहुंचाया है। ऐतिहासिक और साहित्यिक विषयों को गंभीर शोध संवेदनशीलता और सशक्त प्रस्तुति के साथ पर्दे पर उतारना उल्लेखनीय है।

दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक चाणक्य का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आचार्य चाणक्य के व्यक्तित्व राष्ट्रबोध और राजनीतिक दर्शन को द्विवेदी ने जिस प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया उसने देशभर के दर्शकों पर अमिट छाप छोड़ी। इतिहास और संस्कृति से जुड़ी ऐसी रचनाएं नई पीढ़ी को अपनी सभ्यता विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों से परिचित कराने का माध्यम बनती हैं।

चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री साय के स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। चर्चा में छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति लोक परंपराओं साहित्य और ऐतिहासिक विरासत का भी उल्लेख हुआ। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। राज्य की लोककला लोकसाहित्य और गौरवशाली विरासत में सृजन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव तथा प्रबल प्रताप सिंह जूदेव उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button