FeatureState

जीएसटी बचत उत्सव में ट्रैक्टर-हार्वेस्टर पर मिली राहत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों से किया आत्मीय संवाद

रायपुर – छत्तीसगढ़ के किसानों को जीएसटी सुधार का सीधा फायदा मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज देवपुरी स्थित ट्रैक्टर शोरूम पहुंचे और किसानों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने किसानों को नए ट्रैक्टर और हार्वेस्टर की चाबी सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं।

किसानों की बड़ी बचत

अभनपुर के बिरोदा निवासी किसान रवि कुमार साहू ने बताया कि वह सेकेंड हैंड हार्वेस्टर खरीदने की सोच रहे थे, लेकिन जीएसटी कटौती से उन्हें करीब 2 लाख रुपये की बचत हुई और नया हार्वेस्टर खरीदना संभव हो सका। मुख्यमंत्री ने उन्हें खुद चाबी सौंपी।

इसी तरह, अभनपुर कोलर के वरिष्ठ किसान ज्ञानिक राम साहू को नए ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर खरीद पर उन्हें 60 हजार रुपये की बचत हुई, जिससे त्योहार और बेहतर तरीके से मना पाएंगे।

बिक्री बढ़ी, ग्राहकों का उत्साह दोगुना

ट्रैक्टर शोरूम के प्रोप्राइटर अशोक अग्रवाल ने बताया कि जीएसटी घटने से बिक्री में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा –पहले जो ट्रैक्टर 10.25 लाख रुपये का था, अब 9.75 लाख रुपये में मिल रहा है। 7.62 लाख का ट्रैक्टर अब 7.21 लाख रुपये और 6.51 लाख का ट्रैक्टर अब केवल 6.11 लाख रुपये में उपलब्ध है।इससे किसानों को बड़ी बचत हो रही है और त्यौहारी सीजन में खरीदारी का उत्साह दोगुना हो गया है।

बाइक पर भी राहत : मुख्यमंत्री साय देवपुरी के बजाज बाइक शोरूम भी पहुंचे। वहां उन्होंने संतोषी नगर निवासी एम.डी. गुलाब को उनकी नई बाइक की चाबी सौंपी। गुलाब ने बताया कि उन्होंने बजाज प्लेटिना 110 सीसी खरीदी, जिसकी कीमत पहले 89,000 रुपये थी, अब सिर्फ 82,000 रुपये में मिली। यानी 7 हजार रुपये की सीधी बचत।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू जीएसटी 2.0 ने किसानों और उपभोक्ताओं को वास्तविक राहत दी है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि उपकरणों की कीमतों में आई कमी से खेती-किसानी आसान होगी और आमजन का जीवन सुगम होगा।

उन्होंने कहा कि जीएसटी बचत उत्सव से न सिर्फ उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ कम हुआ है बल्कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में खुशहाली और समृद्धि का माहौल बना है। यह सुधार आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाला साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button