chhattisgarhJobsLatest

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 5 पदों पर भर्ती का मौका, ₹5x,xxx तक वेतन; 14 अक्टूबर तक करें आवेदन

 

जिला पंचायत में कम्प्यूटर प्रोग्रामर, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक प्रोग्रामर और लेखापाल के पदों पर संविदा भर्ती

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती का अवसर है। जिला पंचायत ने विकसित भारत–रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) VB-G RAM G के तहत कुल 5 संविदा पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें कम्प्यूटर प्रोग्रामर, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक प्रोग्रामर और लेखापाल के पद शामिल हैं।

सबसे अधिक वेतन कम्प्यूटर प्रोग्रामर के पद के लिए निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थी को ₹51,780 प्रतिमाह एकमुश्त संविदा वेतन मिलेगा। वहीं कार्यक्रम अधिकारी को ₹39,875, सहायक प्रोग्रामर को ₹35,165 और लेखापाल को ₹23,350 प्रतिमाह दिए जाएंगे।

कौन-कौन से पद और कितनी वैकेंसी?

पद पदों की संख्या मासिक एकमुश्त वेतन
कम्प्यूटर प्रोग्रामर 1 ₹51,780
कार्यक्रम अधिकारी 1 ₹39,875
सहायक प्रोग्रामर 2 ₹35,165
लेखापाल 1 ₹23,350
कुल 5 —

कम्प्यूटर प्रोग्रामर, कार्यक्रम अधिकारी और लेखापाल के पदों में एक-एक पद अनारक्षित है। सहायक प्रोग्रामर के दो पदों में एक अनारक्षित और एक अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए निर्धारित है।

कम्प्यूटर प्रोग्रामर के लिए MCA वालों को मौका

कम्प्यूटर प्रोग्रामर पद के लिए प्रथम श्रेणी में बीई कम्प्यूटर साइंस, एमसीए, एमएससी कम्प्यूटर साइंस या बीई आईटी की योग्यता मांगी गई है। डॉट नेट टेक्नोलॉजी, जावा, एमएसएसक्यूएल और ओरेकल के ज्ञान को प्राथमिकता दी जाएगी।

मेरिट में शैक्षणिक योग्यता के लिए 70 अंक, कम्प्यूटर एवं प्रायोगिक परीक्षा के लिए 15 अंक, संबंधित तकनीकी ज्ञान के लिए 5 अंक और पात्र सरकारी ग्रामीण विकास योजना में अनुभव के लिए अधिकतम 10 अंक निर्धारित हैं।

कार्यक्रम अधिकारी के लिए ये योग्यता

कार्यक्रम अधिकारी के पद के लिए प्रथम श्रेणी में एमबीए, बीई या MRTM (Master of Rural Technology and Management) तथा गणित/भौतिक विषय में स्नातकोत्तर योग्यता से संबंधित पात्रता दी गई है।

इस पद की मेरिट में शैक्षणिक योग्यता के 70 अंक और कम्प्यूटर प्रायोगिक परीक्षा के 15 अंक निर्धारित हैं। संबंधित सरकारी ग्रामीण विकास योजनाओं में अनुभव के आधार पर अधिकतम 15 अंक दिए जाएंगे।

सहायक प्रोग्रामर के 2 पद

सहायक प्रोग्रामर के लिए कम्प्यूटर साइंस/सूचना प्रौद्योगिकी/एमसीए या समकक्ष योग्यता अथवा कम्प्यूटर साइंस/सूचना प्रौद्योगिकी में बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री निर्धारित की गई है।

इस पद की मेरिट में शैक्षणिक योग्यता के 45 अंक और कम्प्यूटर एवं प्रायोगिक परीक्षा के 40 अंक निर्धारित हैं। प्रायोगिक परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य बताया गया है। अनुभव के लिए अधिकतम 15 अंक मिलेंगे।

लेखापाल के लिए बीकॉम जरूरी

लेखापाल पद के लिए सामान्य अभ्यर्थियों के लिए 55 प्रतिशत अंकों के साथ बीकॉम तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंकों के साथ बीकॉम की योग्यता दी गई है। बस्तर एवं सरगुजा संभाग के संबंध में विज्ञापन में द्वितीय श्रेणी बीकॉम की पात्रता का उल्लेख है।

लेखापाल की मेरिट में शैक्षणिक योग्यता के 50 अंक, कम्प्यूटर प्रायोगिक परीक्षा के 15 अंक, अनुभव के अधिकतम 15 अंक और अन्य संबंधित परीक्षा के 20 अंक निर्धारित हैं।

14 अक्टूबर है आवेदन की अंतिम तारीख

इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन 14 अक्टूबर 2026 शाम 5:30 बजे तक जिला पंचायत गौरैला-पेण्ड्रा-मरवाही में पहुंच जाना चाहिए।

एक से अधिक पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा। प्रत्येक आवेदन के साथ ₹5 का खाली लिफाफा भी संलग्न करना होगा। लिफाफे के ऊपर जिस पद के लिए आवेदन किया जा रहा है, उसका नाम स्पष्ट रूप से लिखना जरूरी है।

उम्र और निवास की शर्त

आवेदक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष निर्धारित है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। छत्तीसगढ़ शासन के नियमानुसार पात्र वर्गों को आयु सीमा में छूट मिलेगी।

आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण-पत्र की स्व-सत्यापित प्रति लगानी होगी।

एक साल की होगी संविदा नियुक्ति

चयनित अभ्यर्थियों की संविदा नियुक्ति प्रारंभ में एक वर्ष के लिए होगी। आवश्यकता और शासन के निर्देशों के अनुसार कार्ययोग्यता, कार्यक्षमता, वार्षिक कार्य मूल्यांकन एवं व्यवहार के आधार पर अवधि बढ़ाई जा सकती है।

विज्ञापन के अनुसार संविदा सेवा समाप्त होने के बाद संबंधित अवधि के लिए पेंशन, उपादान या मृत्यु-लाभ जैसी नियमित सेवा संबंधी पात्रता नहीं होगी।

चयन कैसे होगा?

प्राप्त आवेदनों और प्रमाण-पत्रों के आधार पर अभ्यर्थियों को मेरिट के अनुसार सूचीबद्ध किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों को प्रायोगिक/कौशल परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद परीक्षा में प्राप्त अंकों को जोड़कर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।

आवेदन की अंतिम तिथि: 14 अक्टूबर 2026, शाम 5:30 बजे
आवेदन माध्यम: पंजीकृत डाक/स्पीड पोस्ट
कुल पद: 5
अधिकतम वेतन: ₹51,780 प्रतिमाह
नियुक्ति: संविदा, प्रारंभिक अवधि 1 वर्ष

नोट: पूर्ण जानकारी एवं आवेदन प्रारूप के लिए जिला पंचायत गौरैला-पेण्ड्रा-मरवाही कार्यालय या आधिकारिक वेबसाइट www.gaurela-pendra-marwahi.cg.gov.in से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button