LatestNationalPolitical

MP में 600 से ज्यादा परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति का तोहफा, शिक्षक संगठनों ने जताया आभार

लंबे समय से अनुकंपा नियुक्ति का इंतजार कर रहे दिवंगत शिक्षक-कर्मचारियों के 600 से अधिक आश्रितों को एकमुश्त नियुक्ति देने के फैसले से परिवारों को राहत मिली है।

भोपाल। मध्य प्रदेश में दिवंगत शिक्षक एवं कर्मचारियों के आश्रित परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। प्रदेश में 600 से अधिक आश्रितों को एकमुश्त अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने के निर्णय का शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने स्वागत किया है। संगठनों ने इस फैसले के लिए प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग के प्रति आभार जताया है।

अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शासकीय शिक्षक संगठन मध्यप्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल ने कहा कि दिवंगत शिक्षक एवं कर्मचारियों के परिवार लंबे समय से अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे। ऐसे में एकमुश्त नियुक्ति का फैसला संबंधित परिवारों के लिए महत्वपूर्ण राहत लेकर आया है।उनके मुताबिक, नियुक्ति मिलने से आश्रितों को रोजगार का अवसर मिलेगा और परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा हासिल करने में मदद मिलेगी। लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी इससे दूर होने की उम्मीद है।

उपेन्द्र कौशल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, आयुक्त लोक शिक्षण सहित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि दिवंगत शिक्षक एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से परिवारों को हुई क्षति अपूरणीय है।

शिक्षक संगठनों ने अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त करने वाले सभी आश्रितों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए दिवंगत हुए शिक्षक एवं कर्मचारियों को श्रद्धांजलि भी दी गई।

इस अवसर पर शिक्षक नेताओं राकेश पटेल, राकेश पाण्डेय, राजेश साहू, राकेश धनगर, फैसल अंसारी, नितेश नागर, मनोज रायकवार, अनिल नागर और मनीष शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी सरकार एवं शिक्षा विभाग के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button