रणबीर कपूर का नया अवतार देख फैंस हैरान, ‘लव एंड वॉर’ में दिखेगा रेट्रो अंदाज; रिलीज डेट भी हुई कन्फर्म

एंटरटेनमेंट डेस्क। रणबीर कपूर एक बार फिर संजय लीला भंसाली के साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से 24 सितंबर को रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक जारी किया गया। पोस्टर सामने आते ही फिल्म के रेट्रो अंदाज और रणबीर के नए लुक ने फैंस का ध्यान खींच लिया है।
पोस्टर में रणबीर एक विंटेज टरक्वाइज़ कन्वर्टिबल की ड्राइवर सीट पर बैठे नजर आ रहे हैं। पीछे की ओर सेट किए हुए बाल, पेंसिल मूंछें, गोल सनग्लासेस और हल्के रंग की निट पोलो शर्ट में उनका अंदाज काफी स्टाइलिश दिखाई दे रहा है।
लेकिन इस पूरे लुक में एक चीज ऐसी है, जिसने फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। कार के बाहर रणबीर का चोट लगा और खून से सना बायां हाथ नजर आ रहा है। जहां उनका चेहरा और स्टाइल शांत दिखाई देता है, वहीं हाथ पर लगी चोट फिल्म की कहानी में छिपे एक्शन और इंटेंस ड्रामा की तरफ इशारा करती है।
पोस्टर में पीछे दिखाई दे रही विंटेज कारें और पुरानी वास्तुकला फिल्म को एक खास रेट्रो माहौल देते हैं। इससे फिल्म के पीरियड और विजुअल ट्रीटमेंट को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
‘सांवरिया’ के बाद फिर भंसाली के साथ रणबीर
‘लव एंड वॉर’ रणबीर कपूर और संजय लीला भंसाली की दोबारा साथ आने वाली फिल्म है। दोनों ने इससे पहले ‘सांवरिया’ (2007) में काम किया था, जो रणबीर कपूर की बतौर अभिनेता पहली फिल्म थी। अब करीब दो दशक बाद दोनों एक बड़े प्रोजेक्ट के लिए फिर साथ आए हैं।
फिल्म में रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी अहम भूमिकाओं में हैं। संजय लीला भंसाली फिल्म का निर्देशन करने के साथ इसे प्रोड्यूस भी कर रहे हैं।
21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म
मेकर्स ने रणबीर के फर्स्ट लुक के साथ फिल्म की रिलीज डेट भी कन्फर्म कर दी है। ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी दुनिया भर में रिलीज की जाएगी। फिल्म के साथ IMAX भी जुड़ा है, जबकि इसकी स्ट्रीमिंग के लिए Netflix पार्टनर है।












