chhattisgarhLatest

सिंदूर पार्क पहुंचे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सुविधाओं के विस्तार और ऑपरेशन सिंदूर की स्मृतियां संजोने के निर्देश

 

रायगढ़ में विकसित हो रहे सिंदूर पार्क में ध्वजारोहण स्थल और शिलालेख बनाने के निर्देश, हरित क्षेत्र विकसित करने पर जोर

 

रायगढ़, 28 अगस्त 2026। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रायगढ़ स्थित सिंदूर पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में अब तक हुए निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पार्क के बेहतर संचालन, सौंदर्यीकरण और आम नागरिकों के लिए सुविधाओं के विस्तार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ऑपरेशन सिंदूर की स्मृतियों को स्थायी रूप देने पर जोर

निरीक्षण के दौरान ओपी चौधरी ने पार्क परिसर में ध्वजारोहण के लिए स्थल विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को स्थायी रूप से प्रदर्शित करने के लिए शिलालेख स्थापित करने को कहा।

उन्होंने पार्क में पौधरोपण, घास और हरित क्षेत्र विकसित करने के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तार करने पर भी विशेष जोर दिया।

भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य का प्रतीक होगा पार्क

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य, साहस और पराक्रम का प्रतीक है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ की गई कार्रवाई ने देश की दृढ़ इच्छाशक्ति और सैन्य सामर्थ्य को प्रदर्शित किया।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ में विकसित किया जा रहा सिंदूर पार्क इसी शौर्य और पराक्रम की स्मृतियों को आम लोगों से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

नागरिकों के लिए आकर्षक और सुव्यवस्थित बनेगा पार्क

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने और पार्क परिसर को आकर्षक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सिंदूर पार्क ऐसा स्थल होना चाहिए, जहां लोग देश के वीर जवानों के शौर्य को नमन करने के साथ-साथ बेहतर वातावरण में समय भी बिता सकें।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, पार्षदगण और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button