chhattisgarhLatest

नोएडा में मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार; 24 चोरी के मोबाइल बरामद

नोएडा में सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 चोरी के मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, 2 हजार रुपये नकद और कई धारदार हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह के सदस्य गढ़ी गोलचक्कर की ओर जाने वाले अंडरपास के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिक्कू राजकुमार, राजा भास्कर, रिषभ और श्याम साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 24 मोबाइल फोन बरामद किए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ऐसी इमारतों और कॉलोनियों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। इसके बाद खुले कमरों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी करते थे। चोरी किए गए मोबाइल और अन्य सामान को बाद में राह चलते लोगों को कम कीमत में बेच दिया जाता था और उससे मिली रकम को आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और 2 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इसके अलावा दो अवैध चाकू और सात धारदार छोटे चाकू भी जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सिक्कू राजकुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी में रह रहा था। राजा भास्कर प्रयागराज का निवासी है, जबकि रिषभ फर्रूखाबाद और श्याम साहू कौशाम्बी जिले का रहने वाला बताया गया है। चारों आरोपी वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी क्षेत्र में रह रहे थे।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। साथ ही चोरी के सामान की बिक्री से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button