छत्तीसगढ़ को मिला जेम सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड, सरकारी खरीदी में 130 करोड़ की बचत

रायपुर। छत्तीसगढ़ को सरकारी खरीदी में डिजिटल प्लेटफॉर्म के उत्कृष्ट उपयोग के लिए जेम सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जेम के माध्यम से राज्य में शासकीय खरीदी 113 प्रतिशत बढ़कर 3,935 करोड़ रुपये पहुंच गई। सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (एमएसई) को इसी अवधि में 1,800 करोड़ रुपये के आर्डर मिले, जो पिछले वर्ष की तुलना में 61 प्रतिशत अधिक हैं। यह निर्धारित 25 प्रतिशत एमएसई खरीद लक्ष्य से कहीं अधिक है।
महिला उद्यमियों से खरीदी में 97 प्रतिशत, एससी-एसटी उद्यमियों से 108 प्रतिशत और स्टार्टअप से खरीदी में 178 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जेम की खुली और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया के कारण वर्ष 2025-26 में राज्य सरकार को करीब 130 करोड़ रुपये की बचत हुई। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में कुल 235 करोड़ रुपये की बचत दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि जेम ने प्रदेश के उद्यमियों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे शासकीय मांग और बाजार से जुड़ने का सशक्त माध्यम उपलब्ध कराया है। महिला, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों और स्टार्टअप की भागीदारी में वृद्धि इस पारदर्शी व्यवस्था की सफलता को दर्शाती है।












