
गोवा के वास्को में तिलक मैदान के पास बुधवार देर रात एक भीषण अग्निकांड हुआ। यहां स्थित ऑटोपोलिस कार सजावट और सामान की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना से आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
कैसे लगी दुकान में आग?
दुकान में कार के कलपुर्जे, सीटों के गद्दे, तेल और सजावट से जुड़ा सामान रखा था। आग तेजी से फैली और पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।
रात 11 बजे घटनास्थल पहुंचे मुख्यमंत्री
हादसे की गंभीरता को देखते हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत रात करीब 11 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर राहत कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आग पर जल्द नियंत्रण पाने के निर्देश दिए।
150 से अधिक दुकानदारों की आजीविका पर असर
इस अग्निकांड का असर संडे मार्केट में कारोबार करने वाले 150 से अधिक छोटे-बड़े दुकानदारों और फेरी लगाकर सामान बेचने वालों पर पड़ा है। घटनास्थल के आसपास स्थायी दुकानें भी संचालित होती हैं। आग से हुए नुकसान के कारण कई कारोबारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
प्रभावित कारोबारियों को मिलेगी सरकारी सहायता?
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है। आकलन रिपोर्ट तैयार होने के बाद प्रभावित कारोबारियों को वित्तीय और अन्य सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
आग लगने की वजह क्या थी?
प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई गई है, लेकिन आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। राहत की बात यह है कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, दुकान और व्यावसायिक सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।












