chhattisgarhLatestNationalPolitical

कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: सचिन पायलट को पंजाब, भूपेश बघेल को असम की कमान

कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए छह राज्यों के प्रभारी बदल दिए हैं। पार्टी की ओर से जारी नई नियुक्तियों के तहत राजस्थान के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट को पंजाब का महासचिव प्रभारी बनाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

कांग्रेस के इस संगठनात्मक बदलाव में कई वरिष्ठ नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। भूपेश बघेल को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का महासचिव प्रभारी, असम नियुक्त किया गया है। वहीं सचिन पायलट को पंजाब का महासचिव प्रभारी बनाया गया है। पंजाब में आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी अब पायलट के पास होगी।

इसके अलावा रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का महासचिव प्रभारी बनाया गया है। उन्हें गुजरात के साथ कर्नाटक के महासचिव प्रभारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। यानी सुरजेवाला अब दोनों राज्यों में कांग्रेस संगठन से जुड़े मामलों को देखेंगे।

कांग्रेस ने सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, डॉ. सिरीवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी. वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। इन नियुक्तियों के साथ पार्टी ने राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया है।

पार्टी ने निवर्तमान महासचिव प्रभारियों जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर के योगदान की भी सराहना की है। वहीं मुकुल वासनिक को कांग्रेस के महासचिव पद पर बरकरार रखा गया है।

कांग्रेस के इस फेरबदल को आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ वरिष्ठ नेताओं के सामने संबंधित राज्यों में पार्टी संगठन को सक्रिय करने और राजनीतिक रणनीति को मजबूत करने की चुनौती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button