chhattisgarhLatest

कोरबा में छात्राओं के लिए बड़ी पहल, 1500 बेटियों को मिली एजुकेशन किट; कॉलेज में बनेगा विशाल डोम

मिनीमाता कन्या महाविद्यालय के दीक्षारम्भ कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने छात्राओं को दी सौगात, शिक्षा और अधोसंरचना विकास पर जोर

कोरबा, 8 सितंबर 2026। शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा में नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर दीक्षारम्भ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान करीब 1500 छात्राओं को CSR मद से एजुकेशन किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत और कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय की प्राचार्य पपिया चतुर्वेदी और प्राध्यापक मौजूद रहे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत कॉलेज में दाखिला लेने वाली नई छात्राओं का स्वागत भी किया गया।

शिक्षा को बताया सशक्तिकरण का आधार

छात्राओं को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बेटियों की शिक्षा जितनी मजबूत होगी, परिवार और समाज उतना ही आगे बढ़ेगा। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए अपने लक्ष्य निर्धारित करने और लगातार मेहनत करने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में देश के युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसी तरह वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने में भी प्रदेश की युवा शक्ति अहम योगदान देगी।

DMF से कॉलेज में बनेगा बड़ा डोम

समारोह के दौरान मंत्री ने महाविद्यालय में अधोसंरचना को बेहतर बनाने के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि DMF मद से मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में विशाल डोम का निर्माण कराया जाएगा।

इस सुविधा से कॉलेज में छात्राओं के लिए विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामूहिक गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा। मंत्री ने कहा कि सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अधोसंरचना विकास पर लगातार काम किया जा रहा है।

GYAN मॉडल के जरिए विकास पर जोर

मंत्री ने प्रदेश सरकार की विकास प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि GYAN मॉडल में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को केंद्र में रखा गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को शिक्षा एवं अवसर उपलब्ध कराना विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के बाद उच्च शिक्षा में बढ़े सकल नामांकन अनुपात का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार वर्ष 2021-22 में छत्तीसगढ़ का GER 19.6 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 27.5 प्रतिशत हो गया है।

महापौर ने छात्राओं से किया मेहनत का आह्वान

महापौर संजू देवी राजपूत ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही देश के भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने छात्राओं से चुनौतियों का सामना करते हुए मेहनत और लगन के साथ अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।

शिक्षा के लिए DMF से मिलेगी आर्थिक मदद

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरबा जिले में DMF के माध्यम से कराए जा रहे विकास कार्यों में शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के विद्यार्थियों को देश के विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को एजुकेशन किट मिलने से उनमें उत्साह नजर आया। समारोह में स्थानीय पार्षदों, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button