chhattisgarhLatest

दशगात्र के 15 दिन बाद जिंदा घर लौटा युवक, जिस शव का किया अंतिम संस्कार वह किसका? बलौदाबाजार में हड़कंप

दशगात्र के 15 दिन बाद जिंदा घर लौटा युवक, परिजनों ने जिस शव का किया था अंतिम संस्कार वह किसका? बलौदाबाजार में मचा हड़कंप

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ पूरे गांव को हैरान कर दिया है। कसडोल विकासखंड के सुकली गांव में जिस युवक को परिवार मृत समझ चुका था, उसका अंतिम संस्कार और दशगात्र की रस्म तक पूरी हो गई थी। लेकिन करीब 15 दिन बाद वही युवक अचानक जिंदा अपने घर पहुंच गया। युवक को सामने देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, वहीं अब पुलिस के सामने बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर जिस शव का अंतिम संस्कार किया गया था, वह किसका था?

लापता होने के बाद शुरू हुई थी तलाश

सुकली गांव निवासी 28 वर्षीय मोतीलाल विश्वकर्मा के अचानक लापता होने के बाद परिवार ने गिरौदपुरी चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक मोतीलाल मानसिक रूप से कमजोर था और एक दिन अचानक घर से गायब हो गया था।

कुछ दिनों बाद इलाके के एक नाले में पानी के साथ एक युवक का सड़ा-गला शव बहकर आया। शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण बुरी तरह खराब हो चुका था। ऐसे में उसकी पहचान करना मुश्किल था।

कद-काठी देखकर शव को मोतीलाल समझा

पुलिस और परिजनों ने शव की कद-काठी और अन्य परिस्थितियों के आधार पर उसे मोतीलाल का शव मान लिया। परिवार को भी विश्वास हो गया कि नाले में मिला शव उनके बेटे मोतीलाल का ही है।

इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल रहा। अंतिम संस्कार के बाद परिवार ने परंपरा के अनुसार दशगात्र की रस्म भी पूरी कर दी।

15 दिन बाद दरवाजे पर खड़ा था मोतीलाल

सबसे बड़ा हैरान करने वाला मोड़ तब आया, जब दशगात्र के करीब 15 दिन बाद मोतीलाल अचानक खुद अपने घर पहुंच गया।

जिस बेटे को परिवार मृत समझकर अंतिम विदाई दे चुका था, उसे जिंदा सामने देखकर परिजन कुछ देर तक यकीन ही नहीं कर पाए। इसके बाद परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ दिन पहले मातम पसरा था, वहां अचानक जश्न जैसा माहौल बन गया।

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल

मोतीलाल के जिंदा लौटने के बाद पूरा मामला उलझ गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाले से मिला शव आखिर किसका था।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव की पहचान किस आधार पर हुई, उसकी पहचान में किन परिस्थितियों में गलती हुई और नाले में मिला युवक कौन था—इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद सामने आएंगे।

फिलहाल सुकली गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। परिवार के लिए यह घटना जहां बेहद भावुक और राहत देने वाली है, वहीं पुलिस के लिए मृतक की असली पहचान करना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button