chhattisgarhLatest

नवीन बुनाई प्रशिक्षण का शुभारंभ, चार माह तक सिखाई जाएगी बुनाई की आधुनिक तकनीक

 

बलौदाबाजार। ग्रामोद्योग संचालनालय, हाथकरघा द्वारा स्वीकृत नवीन बुनाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को बलौदाबाजार स्थित देवांगन समाज भवन में शुभारंभ किया गया। जिला हाथकरघा कार्यालय बलौदाबाजार द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला हाथकरघा कार्यालय के अधिकारी अनिल सोम ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि हाथकरघा केवल रोजगार का साधन ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और पहचान का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। विभाग बुनकरों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण की अवधि चार माह होगी, जिसमें प्रतिभागियों को बुनाई की बुनियादी जानकारी के साथ आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अब तक इस प्रशिक्षण के लिए 20 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बुनकरों को आधुनिक बुनाई तकनीक, नए डिजाइन और बेहतर विपणन के तरीकों से जोड़ना है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। इसके साथ ही ग्राम स्तर पर स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर हाथकरघा गतिविधियों को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बुनाई से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के साथ उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार की मांग के अनुरूप नए डिजाइन तैयार करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे स्थानीय बुनकरों को अपने उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु, जिला यादव समाज के पूर्व अध्यक्ष संतोष यादव, वार्ड पार्षद गौतम सिंह चौहान, रवि फेकर, प्रतिनिधि शशिभूषण शुक्ल, जिला हाथकरघा कार्यालय से सहायक विवेक प्रधान सहित शहर और अन्य स्थानों से आए गणमान्य नागरिक तथा प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button