रणबीर कपूर का बड़ा खुलासा: ‘एक्टिंग का यह मेरा आखिरी दशक हो सकता है’

बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने अपने करियर और भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है। हाल ही में BBC Asian Network को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि बतौर अभिनेता यह उनका आखिरी दशक हो सकता है। रणबीर के इस बयान ने उनके प्रशंसकों के बीच हलचल मचा दी है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह फिलहाल एक्टिंग छोड़ने नहीं जा रहे हैं, बल्कि आने वाले समय में फिल्म निर्देशन यानी डायरेक्शन पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं।
रणबीर कपूर ने बताया कि उनकी प्राथमिकता फिलहाल ब्रह्मास्त्र 2, एनिमल पार्क और रामायण पार्ट 2 जैसी बड़ी फिल्मों को पूरा करना है। इसके बाद वह अपनी पहली निर्देशित फिल्म पर काम शुरू करना चाहते हैं। उन्होंने कुछ महीने पहले अपनी फिल्म की कहानी लिखना भी शुरू कर दिया है। रणबीर एक ऐसी फैमिली ड्रामा फिल्म बनाना चाहते हैं, जिसे देखकर दर्शकों को अच्छा महसूस हो।
रणबीर का फिल्म निर्देशन की ओर रुझान नया नहीं है। उन्होंने न्यूयॉर्क के School of Visual Arts और Lee Strasberg Theatre and Film Institute में पढ़ाई और ट्रेनिंग ली है। इसके अलावा उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म ब्लैक में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में भी काम किया था। रणबीर ने बताया कि वह अगले दो से तीन वर्षों में अपनी पहली निर्देशित फिल्म की शूटिंग शुरू करने की उम्मीद रखते हैं। ऐसे में आने वाले समय में रणबीर कपूर अभिनेता के साथ-साथ निर्देशक के रूप में भी अपनी नई पहचान बना सकते हैं।












