
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जैमुड़ा में 34 वर्षीय विवाहिता नीता पटेल की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति राकेश पटेल, ससुर बंधुराम पटेल और सास शांति बाई पटेल को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच और मायके पक्ष के बयानों के अनुसार, नीता की शादी करीब तीन साल पहले राकेश पटेल से हुई थी। आरोप है कि शादी के लगभग एक साल बाद से ही कम दहेज और मोटरसाइकिल नहीं मिलने को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा था। करीब चार से पांच महीने पहले ससुराल पक्ष ने कार खरीदने के नाम पर मायके से 2 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रकम की मांग को लेकर नीता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। 19 अक्टूबर को नीता की घर में मौत हो गई थी। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 80 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।












