नेपाल में MD रेडियोलॉजी सीट दिलाने के नाम पर 28 लाख की ठगी, बिलासपुर के डॉक्टर दंपती से धोखाधड़ी

बिलासपुर में मेडिकल एडमिशन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नेपाल के मेडिकल कॉलेज में बेटे को MD रेडियोलॉजी की सीट दिलाने का झांसा देकर कोलकाता के एक निजी एकेडमी संचालक ने डॉक्टर दंपती से 28 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी ने 1.40 करोड़ रुपये के पैकेज में दाखिला दिलाने का दावा किया था। इसके बाद एडमिशन का प्रोविजनल लेटर भी भेजा गया, लेकिन छात्र को कॉलेज में प्रवेश नहीं मिला।
दाखिला नहीं होने पर आरोपी ने 26 लाख रुपये लौटाने का वादा किया, लेकिन कई बार चेक देने के बावजूद भुगतान नहीं किया। आरोपी ने 16 अगस्त 2021 से 6 दिसंबर 2025 के बीच 39 किश्तों में केवल 13.75 लाख रुपये लौटाए। बाकी रकम के लिए दिए गए कई चेक बैंक में बाउंस हो गए। मामले में डॉक्टर गौरी दत्त की शिकायत पर बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में धारा 420 के तहत शून्य पर अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई के लिए केस डायरी कोलकाता के कालीघाट थाने भेज दी है।












