
पुरानी दिल्ली में निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने से मचा हड़कंप, एक व्यक्ति घायल; मौके पर पहुंचीं दमकल की छह गाड़ियां
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर इमारत ढहने का हादसा सामने आया है। पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में बृहस्पतिवार सुबह तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।
तीसरी मंजिल पर चल रहा था निर्माण कार्य
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के समय इमारत की तीसरी मंजिल पर लेंटर डालने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह इमारत करीब 50 गज के भूखंड पर बनी थी। इसी दौरान अचानक इमारत का हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
दमकल विभाग को सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर इमारत ढहने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद निर्माण स्थल को बंद कर दिया गया।
दो लोगों की मौत, एक घायल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई है और एक व्यक्ति घायल हुआ है। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच और राहत-बचाव की कार्रवाई की जा रही है।












