chhattisgarhLatest

रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का बहनों को तोहफा, 67 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची ₹631 करोड़ की राशि

 

बालोद के डौंडीलोहारा में महतारी वंदन सम्मान समारोह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 31वीं किस्त की राशि की अंतरित

 

बालोद। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की माताओं और बहनों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा तोहफा दिया। डौंडीलोहारा में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में ₹631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 की राशि अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं-बहनों के चेहरे की मुस्कान, उनका आत्मविश्वास और उनका आशीर्वाद ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने रक्षाबंधन की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि त्योहार की खुशियां बढ़ाने के लिए सितंबर महीने की किस्त भी 25 अगस्त को ही खातों में पहुंचाने का निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता देने वाली योजना नहीं है, बल्कि इससे महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई है। महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की शिक्षा, बचत और छोटे व्यवसाय जैसी जरूरतों के लिए कर रही हैं।

समारोह में मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की पांच हितग्राही महिलाओं से संवाद भी किया। महिलाओं ने योजना से उनके जीवन में आए बदलावों और आर्थिक फैसले लेने में मिली मदद के अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक लक्ष्य से अधिक 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। उन्होंने ‘ड्रोन दीदी’ पहल का भी उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाएं आधुनिक तकनीक से जुड़कर कृषि क्षेत्र में सेवाएं दे रही हैं और आय अर्जित कर रही हैं।

इस अवसर पर बालोद जिले को करीब ₹102 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी मिली। मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया तथा डौंडीलोहारा क्षेत्र के लिए विभिन्न निर्माण और सिंचाई परियोजनाओं की घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और जनजातीय क्षेत्रों का विकास विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की मजबूत नींव हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button