BusinesschhattisgarhLatest

धमतरी के जीजामगांव नवीन आईटीआई में शुरू हुआ मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड

 

धमतरी। जिले में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), जीजामगांव में सत्र 2026-27 से पहली बार मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड का प्रथम बैच प्रारंभ किया गया है। यह इस संस्था का भी प्रथम प्रशिक्षण सत्र होगा।

मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल दो वर्षीय पाठ्यक्रम है, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के साथ-साथ बैटरी प्रबंधन प्रणाली, मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, वाहन सर्विसिंग, फॉल्ट डायग्नोसिस सहित आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह ट्रेड वर्तमान में छत्तीसगढ़ के चुनिंदा पांच शासकीय आईटीआई संस्थानों में ही संचालित है।

इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते चलन के साथ ई-व्हीकल कंपनियों, अधिकृत सर्विस सेंटर, चार्जिंग स्टेशन और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग बढ़ने की संभावना है। प्रशिक्षित युवा स्वयं का सर्विस सेंटर भी शुरू कर स्वरोजगार स्थापित कर सकेंगे।

जिला धमतरी की नोडल संस्था शासकीय आईटीआई कुरूद के प्राचार्य योगेश देवांगन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इस नवीन ट्रेड में प्रवेश लें। आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।

नवीन आईटीआई भवन के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने पिछले माह जमीन का निरीक्षण किया था। पिछले साल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुरूद विधानसभा क्षेत्र में नवीन आईटीआई सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button