FeatureNational

तमिलनाडु में विजय की रैली में भगदड़: 36 की मौत, कई घायल; CM साय ने जताया दुख

चेन्नई – तमिलनाडु के करूर में अभिनेता और टीवीके (तमिलगा वेट्ट्री कज़गम) प्रमुख विजय की रैली में शुक्रवार को भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम ने बताया कि 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

रैली में भीड़ इतनी बढ़ गई कि हालात काबू से बाहर हो गए। जब विजय सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। स्थिति बिगड़ते देख उन्होंने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया और प्रचार बस से लोगों तक पानी की बोतलें पहुंचाने की कोशिश की। एम्बुलेंस को भीड़-भाड़ वाले इलाके से गुजरने में कठिनाई हुई, जिसके चलते राहत कार्य देर से शुरू हो पाया।

पीएम मोदी और अमित शाह की प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर हादसे पर शोक जताया। उन्होंने लिखा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायलों को जल्द स्वस्थ होने की शक्ति मिले। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और राज्यपाल से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

तमिलनाडु सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 – 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने और हादसे की जांच के लिए हाई कोर्ट की रिटायर्ड जज अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में आयोग गठित करने का ऐलान किया है।

सीएम विष्णु देव साय ने जताया शोक

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा इस हृदयविदारक घटना में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दे। सीएम साय ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की और कहा कि इस कठिन समय में पूरे देश की संवेदनाएँ तमिलनाडु के प्रभावित परिवारों के साथ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button