बिलासपुर में जूनियर की दबंगई: व्हाट्सएप चैट पर युवती की फोटो मांगने को लेकर हुआ विवाद

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना अंतर्गत सोनगंगा कॉलोनी में व्हाट्सएप चैट पर शुरू हुआ मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। युवती की फोटो और वीडियो मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद, कॉलेज के एक जूनियर छात्र ने अपने साथी के साथ मिलकर पीड़ित छात्र के घर के पास पहुंचकर जमकर हंगामा किया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित छात्र की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मूल रूप से खैरागढ़ के रहने वाले 21 वर्षीय श्रेयांश अग्रवाल वर्तमान में बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र स्थित सोनगंगा कॉलोनी में किराए का मकान लेकर रहते हैं। पीड़ित छात्र के मुताबिक, उसकी एक महिला मित्र ने अपने मोबाइल से कॉलेज के ही जूनियर छात्र प्रियांश यादव को कुछ फोटो और वीडियो भेजने के लिए व्हाट्सएप पर मैसेज किया था। इस दौरान आरोप है कि प्रियांश उस युवती से कथित तौर पर अनुचित और बदतमीजी से बात करने लगा।
जब इस बात का विरोध किया गया, तो जूनियर छात्र प्रियांश यादव ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर श्रेयांश के किराए के मकान के पास पहुंच गया। वहां दोनों ने मिलकर छात्र के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।












