InternationalLatest

200 साल बाद अमेरिका में महिला को होगी फांसी, क्रिस्टा पाइक की आखिरी अपील पर टिकी नजर

18 साल की उम्र में सहपाठी की हत्या के मामले में दोषी ठहराई गई क्रिस्टा पाइक को 30 सितंबर को टेनेसी में मृत्युदंड दिया जाना निर्धारित है।

वाशिंगटन। अमेरिका के टेनेसी राज्य में करीब 200 वर्षों बाद किसी महिला को मृत्युदंड दिए जाने की तैयारी है। 50 वर्षीय क्रिस्टा पाइक को 30 सितंबर 2026 को स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे मौत की सजा दी जानी निर्धारित है। टेनेसी डिपार्टमेंट ऑफ करेक्शन ने भी उनकी निर्धारित फांसी की आधिकारिक पुष्टि की है।

पाइक इस समय टेनेसी की डेथ रो पर मौजूद एकमात्र महिला कैदी हैं। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में उनकी सजा पर रोक लगाने की अपील लंबित है। कोर्ट के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, पाइक की ओर से 25 सितंबर को execution पर stay की अर्जी दाखिल की गई थी।

1995 में हुई थी 19 वर्षीय छात्रा की हत्या

मामला वर्ष 1995 का है। उस समय क्रिस्टा पाइक 18 वर्ष की थीं और टेनेसी के नॉक्सविले स्थित Job Corps में पढ़ रही थीं। उन पर अपनी 19 वर्षीय सहपाठी कोलीन स्लेमर की हत्या का आरोप लगा था। अभियोजन के अनुसार, पाइक को शक था कि स्लेमर उनके प्रेम संबंध में दखल दे रही थीं।

पाइक ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर स्लेमर की हत्या की थी। मामले में हत्या की क्रूरता ने उस समय व्यापक ध्यान खींचा। पाइक ने बाद में अपराध स्वीकार किया और उन्हें मौत की सजा सुनाई गई।

बचपन के शोषण और मानसिक बीमारी का भी हवाला

पाइक के वकीलों ने उनकी अपील में उनके बचपन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं को महत्वपूर्ण बताया है। बचाव पक्ष का तर्क है कि अपराध के समय वह गंभीर मानसिक समस्याओं से जूझ रही थीं और बचपन में उन्हें गंभीर शारीरिक, मानसिक तथा यौन शोषण का सामना करना पड़ा था।

वकीलों ने यह भी दलील दी है कि उस समय उनकी कम उम्र और मस्तिष्क के विकास से जुड़े वैज्ञानिक ज्ञान को आज की तुलना में पर्याप्त रूप से नहीं समझा जाता था। ये तर्क अब सुप्रीम कोर्ट के समक्ष लंबित अपील का हिस्सा हैं।

गवर्नर ने दया याचिका खारिज की

टेनेसी के गवर्नर बिल ली ने पाइक की clemency यानी दया याचिका को मंजूर नहीं किया। इसके बाद उनके वकीलों ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में सजा पर रोक लगाने की मांग की है। आधिकारिक कोर्ट रिकॉर्ड में यह मामला Christa Gail Pike v. Tennessee के नाम से दर्ज है।

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, पाइक की execution 30 सितंबर 2026 सुबह 10 बजे (Central Time) निर्धारित है।

200 साल बाद क्यों खास है यह मामला?

टेनेसी में किसी महिला को मृत्युदंड दिए जाने का यह मामला ऐतिहासिक माना जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल पाइक की याचिका में भी उन्हें 200 वर्षों से अधिक समय में टेनेसी में पहली महिला जिसे मृत्युदंड दिया जाना है, बताया गया है।

अमेरिका में महिला कैदियों को मृत्युदंड दिए जाने की घटनाएं बेहद दुर्लभ रही हैं। AP के अनुसार, 1976 में अमेरिका में मृत्युदंड दोबारा शुरू होने के बाद अब तक देशभर में केवल 18 महिलाओं को मृत्युदंड दिया गया है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर है। यदि अदालत से execution पर रोक नहीं मिलती है, तो टेनेसी में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्रिस्टा पाइक को 30 सितंबर को मृत्युदंड दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button