‘वाइब’ का टीजर आउट: कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव बने अनचाहे एजेंट, प्रीति जिंटा संभालेंगी मिशन की कमान

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक कुणाल खेमू की अगली फिल्म ‘वाइब’ का ऑफिशियल टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर में एक्शन, कॉमेडी और रोमांच का जबरदस्त मेल देखने को मिल रहा है। फिल्म में कुणाल खेमू के साथ प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव मुख्य भूमिकाओं में हैं। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट 18 सितंबर 2026 तय की है।
दो दोस्तों पर आई बड़ी जिम्मेदारी
टीजर में कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव दो ऐसे दोस्तों की भूमिका में नजर आते हैं, जो किसी खास मिशन का हिस्सा बनने के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन परिस्थितियां उन्हें एक ऐसे मिशन में पहुंचा देती हैं, जहां उनके सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है।
दोनों किरदारों की केमिस्ट्री और कॉमिक टाइमिंग टीजर की खासियत नजर आ रही है। वहीं मिशन के दौरान होने वाले एक्शन सीक्वेंस फिल्म को गंभीर और रोमांचक मोड़ देते हैं।
प्रीति जिंटा के हाथ में मिशन की कमान
प्रीति जिंटा फिल्म में एक मजबूत और कमांडिंग किरदार निभा रही हैं। टीजर में वह कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव के किरदारों को मिशन से जुड़े निर्देश देती नजर आती हैं।
लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर प्रीति जिंटा को इस तरह के अलग और दमदार अंदाज में देखना उनके प्रशंसकों के लिए खास होने वाला है।
कुणाल खेमू ने संभाली निर्देशन की जिम्मेदारी
‘वाइब’ में कुणाल खेमू सिर्फ अभिनेता के तौर पर ही नहीं, बल्कि लेखक और निर्देशक के रूप में भी जुड़े हैं। यह बतौर निर्देशक उनकी दूसरी फिल्म है। इससे पहले उन्होंने ‘मडगांव एक्सप्रेस’ का निर्देशन किया था।
इस बार कुणाल ने एक्शन और कॉमेडी को मिलाकर एक अलग तरह की कहानी पेश करने की कोशिश की है। टीजर से फिल्म का टोन काफी हल्का-फुल्का होने के साथ-साथ रोमांचक भी नजर आ रहा है।
कुणाल खेमू और चिराग निहलानी हैं निर्माता
फिल्म के निर्माण की जिम्मेदारी कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने संभाली है। फिल्म का निर्माण ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। वहीं अमेजन एमजीएम स्टूडियोज फिल्म को प्रस्तुत कर रहा है।
फिल्म की स्टारकास्ट में कुणाल खेमू, प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव के अलावा वंशिका धीर भी शामिल हैं।
18 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘वाइब’ को मेकर्स ने 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने का ऐलान किया है। टीजर में दिख रहा एक्शन, कॉमेडी और कलाकारों का अलग अंदाज फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। अब देखना होगा कि बड़े पर्दे पर कुणाल खेमू की यह नई फिल्म दर्शकों को कितना पसंद आती है।












