रायपुर में आज तिरंगा यात्रा: इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकलेगी यात्रा, इन रास्तों पर बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी रायपुर में आज 10 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का आयोजन बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से किया जा रहा है, जहां सुबह से ही बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, वकील और शहरवासी तिरंगा लेकर पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए इंडोर स्टेडियम पहुंच चुके हैं। उनके साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री द्वारा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक जाएगी यात्रा
तिरंगा यात्रा बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, वकीलों, सामाजिक लोगों और शहरवासियों के शामिल होने की संभावना है।
यात्रा का रूट गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन के सामने रोड, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक से होकर सुभाष स्टेडियम तक निर्धारित किया गया है।
ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
तिरंगा यात्रा को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। यात्रा के दौरान संबंधित मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
पुलिस के अनुसार दोपहर 1 बजे तक यात्रा वाले रास्तों पर ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे इन मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
छात्रों और शहरवासियों में उत्साह
तिरंगा यात्रा को लेकर इंडोर स्टेडियम में सुबह से ही उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और शहरवासी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे हैं।
यात्रा से पहले इंडोर स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बाद सभी प्रतिभागी तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल होंगे।
यह तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।












