जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य, कोंडागांव में ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में हितग्राहियों को सहायता राशि, अधिकार अभिलेख, आयुष्मान कार्ड और प्रमाण पत्र वितरित
कोंडागांव, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार 23 सितंबर को कोंडागांव नगर के डोंगरीपारा में ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान, महिला, गरीब और अन्य वर्गों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, जनधन, स्वच्छ भारत और हर घर जल सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि अभियान के माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने विभिन्न सेवा गतिविधियों के जरिए लोगों की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।
कई हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में श्रम विभाग की योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से 2 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 3 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि मिली।
इसके अलावा स्वामित्व योजना के तहत 8 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग ने 8 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसिकल प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 6 बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र और 11 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड दिए गए।
शिक्षा विभाग ने 15 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से उत्कृष्ट कार्य के लिए 5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया, जबकि सक्षम योजना के तहत 2 हितग्राहियों को चेक प्रदान किए गए।












