
रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को बॉलीवुड अभिनेता, गायक और गीतकार पीयूष मिश्रा का समर्थन मिला है। शनिवार को पीयूष मिश्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे, जहां पिछले दो हफ्तों से छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों से मुलाकात की, उनका हौसला बढ़ाया और अपना चर्चित गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ गाकर पूरे आंदोलन स्थल को जोश से भर दिया।
पीयूष मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वे छात्रों के इंटरव्यू देखकर यहां आए। उन्होंने कहा, “मैं किसी और कारण से यहां नहीं आया। मैंने कुछ छात्रों के इंटरव्यू देखे। उनकी आंखों में दर्द देखा, उनकी तकलीफ देखी और आंसू देखे। मेरे लिए इतना काफी था। मैं दो दिन फ्री था, इसलिए खुद आकर छात्रों के साथ खड़ा होने का फैसला किया।”
उन्होंने छात्रों के शांतिपूर्ण और गैर-राजनीतिक आंदोलन की तारीफ की। पीयूष मिश्रा ने कहा कि युवा बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं और ऐसे में उनका साथ देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की ओर से छात्रों को भोजन, तिरपाल, गद्दे और आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा, “मैं युवाओं को पसंद करता हूं। मैं आपके लिए गाता हूं, अभिनय करता हूं, इसलिए यहां आया हूं। जो भी मेरी क्षमता में है, कर रहा हूं।”
धरना स्थल पर पीयूष मिश्रा ने ‘आरंभ है प्रचंड’ के साथ ‘एक बगल में चांद होगा’ जैसे गाने भी गाए। छात्रों ने भी उनके साथ सुर मिलाए और पूरा स्टेडियम तालियों व नारों से गूंज उठा। कई छात्रों ने कहा कि बॉलीवुड से किसी बड़े कलाकार का समर्थन मिलने से उनका मनोबल बढ़ा है।
यह आंदोलन 25 जुलाई से जारी है। छात्र 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, मामले की सीबीआई या ईडी जांच कराने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। देवेंद्र नाथ महतो समेत कई छात्र भूख हड़ताल पर हैं। पीयूष मिश्रा के आने से आंदोलन को नई ऊर्जा मिली है।












